uncategorized

व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर वसूली करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

 

छौंक चौकी पुलिस ने 9,200 रुपये, मोबाइल, दो तमंचे और कारतूस किए बरामद, एक आरोपी फरार

कालपी (जालौन), 24 जून। व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने के मामले में छौंक चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9,200 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के शरारती और अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

बुधवार को कोतवाली कालपी स्थित अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी की मौजूदगी में नवागत पुलिस उपाधीक्षक राजेश कमल ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन तथा पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी कालपी के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में गठित छौंक चौकी टीम के प्रभारी विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल रंजीत एवं विकास ने मामले की जांच के दौरान प्रकाश में आए तीन अभियुक्तों शनि पुत्र संदीप कुमार निवासी ग्राम सोलापुर, पुष्पेंद्र कुशवाहा उर्फ बाबा पुत्र वीरेंद्र कुशवाहा निवासी ग्राम चौक तथा पुष्पेंद्र कुमार उर्फ राजा पुत्र माताप्रसाद निवासी मोतीनगर को 23 जून की शाम लगभग 6:45 बजे जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग स्थित वन विभाग के वॉच टावर के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से रंगदारी में वसूले गए 9,200 रुपये, एक मोबाइल फोन तथा दो अवैध .315 बोर तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में दर्ज मुकदमों में धारा 308(5), 112, 317(2) सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *