135 ग्राम सोने के जेवर और 97 हजार रुपये नगद बरामद, न्यायालय भेजे गए अभियुक्त
आटा पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
कालपी (जालौन), 24 जून। थाना आटा पुलिस ने ग्राम पिपराया में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 135 ग्राम सोने के जेवरात तथा 97 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

बुधवार को कोतवाली कालपी स्थित अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में नवागंतुक क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने थाना प्रभारी आटा अजय प्रताप सिंह की मौजूदगी में घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 23 जून 2026 को थाना आटा क्षेत्र के ग्राम पिपराया निवासी मनोज सिंह ने तहरीर देकर सूचना दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके माता-पिता एवं बड़ी बहू के घर में रखे सोने के जेवर चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना आटा में मुकदमा संख्या 111/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन तथा पुलिस महानिरीक्षक झांसी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना आटा पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को चेकिंग के दौरान ग्राम पिपराया निवासी मिट्ठू उर्फ शिवकुमार पुत्र स्व. गोपी तथा अंकित द्विवेदी पुत्र रूपनारायण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के टुकड़े, जिनका कुल वजन 135 ग्राम है, तथा 97 हजार रुपये नगद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य सुसंगत धाराएं बढ़ाते हुए विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों अभियुक्तों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।