कालपी में स्मार्ट मीटर के विरोध में व्यापारियों का उग्र प्रदर्शन, पुतला फूंककर जताया आक्रोश
उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विद्युत विभाग पर मनमानी के आरोप
कालपी (जालौन)। नगर के मुख्य बाजार स्थित टरननगंज चौराहे पर गुरुवार को व्यापारियों ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर का पुतला फूंककर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जाहिर की।
व्यापारियों का कहना था कि विद्युत विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिना किसी स्पष्ट कारण के लाइन काट देना और पुनः जोड़ने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने जैसे आरोप भी लगाए गए। साथ ही, नए मीटरों में अधिक बिल आने की शिकायत भी व्यापारियों ने उठाई।
प्रदर्शन की सूचना पर उपजिलाधिकारी कालपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और समस्याओं के समाधान की मांग की।

इस मौके पर नमन अग्रवाल, श्रवण कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, अजय पाठक, शिवम त्रिवेदी, संजीव मिश्रा, संतोष अवस्थी, संदीप गुप्ता, राहुल वर्मा, बृजेश त्रिपाठी, विजय कुमार, मोहित गुप्ता, अनिल गुप्ता, धीरज, राजेश, धर्मेन्द्र, दीपक, अंशुल, अरविंद, प्रदीप, पंकज, आशीष, दिनेश, मनोज, सुशील एवं अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।