विधायक ने भंडारे में बांटा प्रसाद, मंदिर विकास के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण का आश्वासन
भव्य यज्ञ-शिव महापुराण का समापन, संत समाज की मौजूदगी में पूर्णाहुति
कालपी (जालौन)।
नगर के प्राचीन छग्गे आश्रम हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीबालाजी हनुमत यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का समापन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत समाज की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति दी गई।

कार्यक्रम में मंदिर पुजारी राम संजीवन एवं मुनीश्वरानंद महाराज की उपस्थिति में दण्डी स्वामी कथा व्यास श्री भूताघुदितानंद महाराज, श्री श्री 1008 राम करन दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति में मुनीश्वरानंद महाराज को विधिवत महन्ती प्रदान की गई।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी यज्ञ स्थल पहुंचे और मंदिर के विकास हेतु प्रस्तावित बाउंड्री वॉल का निर्माण शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने से पूर्व श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया और क्षेत्र के सुख-समृद्धि व लोक कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान शिव बालक सिंह यादव, राजू पाठक, शिव कुमार कनौड़िया, हर्षित खन्ना, पवनदीप निषाद, दिग्विजय सिंह, सौरभ शर्मा, शिव शंकर साहू, श्रीमती ऊषा शुक्ला, अनसूइया मिश्रा, दाऊ करतलापुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भंडारा दोपहर से प्रारंभ होकर देर रात तक चलता रहा, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।